मैहर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात! कलयुगी नाती ने 90 वर्षीय दादी का ब्लेड से रेता गला, हालत नाजुक

मैहर: मध्य प्रदेश जिले के अमदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रैगवां से मानवता को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ एक 23 वर्षीय युवक ने पैसों के विवाद में अपनी ही 90 वर्षीय बुजुर्ग दादी पर ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया.

हमले में वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे वृद्धा फूलनबाई दाहिया अपने घर में आराम कर रही थीं.

इसी दौरान उनका नाती चिंटू दाहिया (23) अचानक कमरे में घुसा और ब्लेड से उनकी गर्दन पर कई वार कर दिए. अचानक हुए इस हमले से पूरा घर दहल उठा.

पैसों के विवाद में खूनी खेल
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक नशे का आदी है और उसने दादी से पैसे मांगे थे। पैसे न मिलने पर उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

चीख-पुकार सुन दौड़े परिजन
वृद्धा की चीखें सुनकर परिजन कमरे की ओर दौड़े, जहाँ वे लहूलुहान हालत में पड़ी मिलीं। आनन-फानन में उन्हें अमदरा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. फिलहाल वृद्धा की हालत चिंताजनक बनी हुई है.

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी फरार
अमदरा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा दर्ज धाराएं इस प्रकार हैं.

धारा 296B: अश्लील कृत्य/गाली-गलौज
धारा 118(1): खतरनाक हथियार से गंभीर चोट
धारा 351(2): आपराधिक धमकी

पुलिस का कहना है कि “आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है. उसकी तलाश के लिए टीमों को रवाना कर दिया गया है. मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं और बढ़ाई जाएंगी.

इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है, वहीं रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाली इस वारदात ने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है.

close