हाथरस में तेंदुए की दस्तक! घर के बाहर टहल रहे पालतू कुत्ते पर अचानक हमला, CCTV में कैद

हाथरस : जिले से डराने वाली खबर सामने आ रही है.शहर के इगलास रोड स्थित विद्यानगर के जोगिया मार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के बाहर टहल रहे एक पालतू कुत्ते पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है और इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह तेंदुआ दबे पांव आता है और पालतू कुत्ते पर झपट्टा मार देता है.हालांकि गनीमत यह रही कि कुत्ता किसी तरह तेंदुए के चंगुल से बाल-बाल बच निकलने में कामयाब रहा। कुछ ही पलों में तेंदुआ वहां से खेतों की ओर भाग निकला.घटना के बाद आसपास के लोग सहम गए और तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को दी गई. 
सूचना मिलते ही इलाका पुलिस व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और तेंदुए को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। सुबह से लगातार वन विभाग की टीम क्षेत्र में कॉम्बिंग कर रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक तेंदुए को पकड़ा नहीं जा सका है। तेंदुए के खुले में घूमने की आशंका के चलते ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है.
ग्रामीणों का कहना है कि वे अपने बच्चों और पालतू पशुओं को घर से बाहर निकालने से डर रहे हैं. वन विभाग द्वारा लोगों को सतर्क रहने, रात के समय घरों से बाहर न निकलने और अकेले आवागमन से बचने की अपील की गई है.वहीं, वन विभाग का दावा है कि जल्द ही तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा और इलाके को सुरक्षित किया जाएगा.
फिलहाल हाथरस के विद्यानगर क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी ने लोगों की नींद उड़ा दी है और हर कोई वन विभाग की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए है.










