फतेहपुर मौसम के बदले मिजाज ने जनजीवन किया अस्त-व्यस्त, सुबह दिखा रात सा नजारा

फतेहपुर : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में मंगलवार की भोर अचानक मौसम ने ऐसा उग्र रूप धारण किया कि सुबह का उजाला भी रात में तब्दील होता नजर आया.अभी लोग कुछ समझ ही पाते कि तेज रफ्तार हवाओं के साथ झमाझम बारिश ने पूरे इलाके को भिगोकर रख दिया.मौसम के इस अचानक बदले मिजाज ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए और सड़कों पर सन्नाटा पसर गया.

तेज हवा और बारिश के संयुक्त प्रकोप ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी.खेतों में खड़ी सरसों की पकी फसल को भारी नुकसान पहुंचा है.किसानों के मुताबिक, अचानक हुई बरसात और तेज झोंकों से सरसों की फसल झुक गई, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है.वहीं दूसरी ओर, गेहूं की फसल के लिए यह बारिश राहत बनकर आई। किसानों का कहना है कि गेहूं की फसल पर यह बरसात फायदेमंद साबित होगी और पैदावार में सुधार की उम्मीद है.

सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे, हवा की सनसनाहट और बारिश की मार ने लोगों की दिनचर्या पर ब्रेक लगा दिया.मौसम की इस करवट से आमजन के साथ-साथ दुकानदारों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.

मौसम विभाग के अनुसार जनपद फतेहपुर के मौसम वैज्ञानिक वसीम खान ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे तथा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी.उन्होंने यह भी बताया कि बुधवार देर शाम मौसम खुलने की उम्मीद है.

फिलहाल मौसम की इस बेकाबू मार से फतेहपुर में हालात ऐसे बने हुए हैं मानो सुबह नहीं, काली रात उतर आई हो.

close