कोरबा में रेलवे निर्माण सामग्री का गबन उजागर, JCB ऑपरेटर समेत दो गिरफ्तार

कोरबा : गेवरा रोड से पेंड्रा रोड के मध्य निर्माणाधीन नई विद्युतीकृत डबल रेलवे लाइन परियोजना में उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री के गबन से संबंधित एक गंभीर प्रकरण में कोरबा पुलिस द्वारा गहन जांच के उपरांत प्रभावी कार्यवाही की गई है। इस संबंध में शिवाकृति इंटरनेशनल लिमिटेड कंपनी द्वारा थाना कटघोरा में शिकायत प्रस्तुत की गई थी, जिसमें रेलवे साइड सिंघिया एवं सुतर्रा स्थित स्टोर से लोहे के स्लीपर एवं अन्य निर्माण सामग्री के गायब होने की जानकारी दी गई थी.

शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा श्री नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी कटघोरा श्री विजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में मामले की गहन जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान कंपनी के कर्मचारियों, सुरक्षा गार्डों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से विस्तृत पूछताछ की गई.

जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह घटना किसी बाहरी लूट या डकैती की नहीं, बल्कि कंपनी के भीतर कार्यरत व्यक्तियों द्वारा पद का दुरुपयोग कर की गई आंतरिक गबन (फिजिकल मिसएप्रोप्रिएशन) का मामला है.
जांच के आधार पर थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 43/2026 धारा 316(5), 317(2), 317(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई.

जांच में सामने आया कि तेजबहादुर पटेल, जेसीबी ऑपरेटर, द्वारा विगत कई महीनों से रेलवे निर्माण सामग्री चोरी कर कबाड़ी को बेचकर अवैध लाभ अर्जित किया जा रहा था.वहीं राहुल सिंह मरकाम की भी इस कृत्य में संलिप्तता पाई गई। इसके अतिरिक्त, कुछ कर्मचारियों को गुमराह कर घटना को बाहरी लूट के रूप में दर्शाने का प्रयास भी किया गया.

पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त जेसीबी वाहन, रेलवे लोहे के स्लीपर के टुकड़े एवं नगद राशि जप्त की गई है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 25,06,000 रुपये है.दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच जारी है.

इस मामले में तेजबहादुर पटेल (जेसीबी ऑपरेटर) द्वारा अपने पद का दुरुपयोग करते हुए विगत कई महीनों से रेलवे निर्माण सामग्री को चोरी कर कबाड़ी को बेचकर अवैध लाभ अर्जित किया गया.वही राहुल सिंह मरकाम द्वारा भी इस कृत्य में संलिप्तता पाई गई.

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रेलवे संपत्ति एवं सार्वजनिक परियोजनाओं से संबंधित किसी भी प्रकार के गबन, विश्वासघात या आपराधिक कृत्य के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com