अमेठी: सनहा गांव में सियार का आतंक, पांच महिलाएं घायल, वृद्धा की हालत नाजुक

अमेठी: मुंशीगंज थाना क्षेत्र के सनहा गांव में उस समय दहशत फैल गई, जब एक सियार ने एक के बाद एक पांच महिलाओं पर हमला कर दिया. हमले में 90 वर्षीय वृद्धा जैबुल निशा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर किया गया है.

जानकारी के अनुसार, सनहा गांव निवासी मुन्ना अंसारी की मां जैबुल निशा (90) बुधवार शाम घर के सामने बैठी थीं. तभी अचानक सियार ने उन पर हमला कर दिया। वृद्धा की चीख-पुकार सुनकर घर के अंदर मौजूद उनकी बहू सलमा अंसारी बाहर दौड़ीं. शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह सियार को खदेड़ा, लेकिन तब तक जैबुल निशा गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं.

इसी दौरान सियार ने गांव की शहनाज बानों (29), मोहम्मद अजीब की बेटी फिजा बानों (5), शकीना (70) और अमीरुलनिशा (55) पर भी हमला कर दिया, जिससे सभी घायल हो गईं.घटना के बाद सभी घायलों को सीएचसी भेटुआ में भर्ती कराया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जैबुल निशा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया. अन्य चार घायलों की हालत सामान्य होने पर दवा देकर उन्हें घर भेज दिया गया.

सीएचसी प्रभारी चिकित्सक डॉ. अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के साथ रेबीज रोधी इंजेक्शन लगाया गया है. सियार के हमले की सूचना मिलते ही वन दरोगा सुरेंद्र प्रताप टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डीएफओ रणवीर मिश्र ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है. वन विभाग की टीम सियार की तलाश कर रही है और ग्रामीणों को सतर्क व जागरूक किया जा रहा है.

close