औरंगाबाद: गहने चमकाने के बहाने ठगी, लाखों का आभूषण ले उड़े ठग

औरंगाबाद: गहने चमकाने के बहाने महिला से ठगी की घटना को अंजाम देकर ठग लाखों के जेवर लेकर फरार हो गए. मामला सलैया थाना क्षेत्र के खिरियावां पंचायत के कोल्हुआ गांव का है.

घटना को लेकर बताया जा रहा है कि उस गांव निवासी सेवानिवृत प्रधानाध्यापक राजाराम पासवान के घर में बाइक सवार दो व्यक्ति आभूषण चमकाने के बहाने घर पहुंचे. उन्होंने महिला से ज़ेवर चमकाने की बात कही. उन्होंने पहले कुछ ज़ेवर सफाई करके दिखाया और महिला को विश्वास में ले लिया. इसके बाद अन्य ज़ेवर साफ़ करने के लिए गर्म पानी मांगा, लेकिन जबतक महिला गर्म पानी लेकर बाहर आती, इसके पहले ठग ज़ेवर लेकर फरार हो गए.

भुक्तभोगी महिला राजाराम पासवान के बेटे पवन प्रकाश की पत्नी सविता देवी ने बताया कि बाइक से दो व्यक्ति पहुंचे और सोने की ज़ेवर साफ कराने की बात कही. पहले तो मना कर दिया लेकिन दोनों ठगों ने महिला को अपनी बातों में फंसा लिया. पहले कुछ ज़ेवर साफ किए और फिर एक-एक कर हाथ में पहनीं सोने का अंगूठी, ढोलना, झुमका, मंगलसूत्र और कान की बाली कोई रसायन से साफ करने लगे और फिर गर्म पानी की मांग की. जैसे ही महिला घर के अंदर गई. ठग ज़ेवर लेकर फरार हो गए. मामला सनसनी की तरह आसपास फैल गया. इस दौरान सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक राजाराम पासवान अपनी पत्नी को लेकर इलाज कराने के लिए मदनपुर अस्पताल गए थे.

घटना की सूचना सलैया थाना पुलिस को दी गई है. मामले में थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार ने लोगों से सचेत रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं कई जगहों से सामने आई है. किसी भी अनजान को ऐसे कीमती आभूषण नहीं दे. घटना के बारे में उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है.

close