रामानुजगंज शिक्षा कार्यालय में कर्मचारियों की लापरवाही से कामकाज प्रभावित

रामानुजगंज स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कार्यालय में कुल 26 कर्मचारी पदस्थ होने के बावजूद प्रतिदिन केवल चार से पांच कर्मचारी ही उपस्थित रहते हैं, जिससे विभागीय कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

कार्यालय की अधिकांश शाखाओं में कुर्सियां खाली पड़ी रहती हैं। दूर-दराज से आने वाले शिक्षक, अभिभावक और आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए घंटों इंतजार करते हैं, लेकिन संबंधित कर्मचारियों के अनुपस्थित रहने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है।

स्थानीय समाजसेवी विकाश दुबे ने बताया कि इस स्थिति को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों द्वारा शिकायतें की जा चुकी हैं। मौखिक और लिखित रूप से भी कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।

पूर्व में कर्मचारियों की मनमानी और गैरहाजिरी के विरोध में आंदोलन भी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कार्यालय की कार्यप्रणाली में विशेष सुधार नहीं हो सका।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फाइलों के समय पर निपटारे में देरी, नियुक्ति, वेतन, स्थानांतरण और शैक्षणिक योजनाओं से जुड़े कार्यों का लंबित रहना अब आम समस्या बन गई है।

नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शिक्षा कार्यालय अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन कर सके।

close