इंदौर में सड़क हादसे में छात्र की मौत, पढ़ाई के साथ करता था डिलीवरी का काम

इंदौर में एक सड़क हादसे में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र की मौत हो गई। पढ़ाई का खर्च निकालने के लिए वह डिलीवरी ब्वाय के रूप में पार्ट टाइम काम करता था। घटना से परिजनों और परिचितों में शोक की लहर है।
पुलिस के अनुसार यह हादसा शुक्रवार रात दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास हुआ। मृतक की पहचान 26 वर्षीय रुपेश आर्य निवासी ग्राम वरला, जिला बड़वानी के रूप में हुई है। वह पढ़ाई के सिलसिले में इंदौर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
रुपेश रात करीब साढ़े दस बजे सिलीकॉन सिटी क्षेत्र में डिलीवरी करने गया था। लौटते समय किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया।
परिजनों के अनुसार, रुपेश के मोबाइल से ही दुर्घटना की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
रुपेश के पिता शांतिलाल किसान हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य होने के कारण वह पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी कर रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि टक्कर मारने वाले वाहन की अभी पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।










