बलरामपुर : गांव में घिरी पुलिस, हंगामा इतना बढ़ा कि बैरंग लौटनी पड़ी टीम

बलरामपुर :उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे गांव सागोबांध में आरोपियों की धरपकड़ के लिए पहुंची छत्तीसगढ़ की सनावल थाना पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा.गांव में पुलिस के पहुंचते ही ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और पुलिस वाहन को घेरकर जमकर हंगामा किया गया. इस दौरान गाली-गलौज और तीखी नोकझोंक की स्थिति भी बनी.

प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत पुलिस वाहन की नंबर प्लेट पर कागज चिपकाए जाने को लेकर हुई.ग्रामीणों ने इसे संदिग्ध मानते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया.हालात बिगड़ते देख सनावल पुलिस ने समझदारी दिखाते हुए किसी भी प्रकार की बल प्रयोग या कार्रवाई से परहेज किया.


स्थिति को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से पुलिस टीम बिना किसी कार्रवाई के बैरंग वापस लौट आई. इस पूरे घटनाक्रम से कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.मामले को लेकर सनावल थाना प्रभारी बृजलाल भारद्वाज ने बताया कि इससे पहले भी पुलिस कई बार कार्रवाई के लिए उक्त क्षेत्र में गई है, लेकिन आरोपी पुलिस की सूचना पाकर फरार हो जाते हैं.इसी कारण इस बार पहचान छिपाकर पुलिस टीम भेजी गई थी.

उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है.घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस की गतिविधियों और आपसी समन्वय को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com