शहडोल दौरे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव, माता शबरी की प्रतिमा का करेंगे अनावरण, विकास कार्यों का होगा लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शहडोल जिले के प्रवास पर रहेंगे। उनके दोपहर तक शहडोल पहुंचने की संभावना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह लालपुर हेलीपैड पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से धनपुरी पहुंचेंगे और वहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

धनपुरी में मुख्यमंत्री वाटर पार्क का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वह गंधिया जनपद पंचायत जयसिंहनगर के लिए रवाना होंगे, जहां स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके पश्चात सीतामढ़ी धाम में स्थापित माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री शहडोल जिले में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन करेंगे। साथ ही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभ का वितरण भी किया जाएगा। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जिला अध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता बुढ़ार जनपद कार्यालय से कार्यक्रम स्थल की ओर नारेबाजी करते हुए जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 25 से 30 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं और कार्यक्रम स्थल पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

close