CISF कैंप में जवान ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, लंबे समय से बीमारी से था परेशान

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित CISF आरटीसी कैंप के भीतर एक जवान का शव फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान 27 वर्षीय मुकेश सिंह के रूप में हुई है, जो कैंप में तैनात थे।

बताया जा रहा है कि जवान का शव कैंप परिसर में साइकिल स्टैंड के पास पार्किंग क्षेत्र में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में भेज दिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक मुकेश सिंह मूल रूप से गोरखपुर जिले के निवासी थे। पुलिस के अनुसार, जवान लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और मानसिक तनाव में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।

घटनास्थल से पुलिस को एक कागज मिला है, जिसमें जवान ने अपने भाई का नाम और मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। पुलिस इसे जांच के लिए महत्वपूर्ण सुराग मान रही है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों द्वारा जवान के साथियों और कैंप स्टाफ से पूछताछ की जा रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

close