राजस्थान : लाडनूं में ‘डोटासरा’ की एंट्री! सोशल मीडिया पर छाए पीसीसी चीफ के हमशक्ल नरेश सिंधी

 राजस्थान :  सियासत में गरजती आवाज़ और तीखे कटाक्षों के लिए पहचाने जाने वाले गोविंद सिंह डोटासरा इन दिनों एक अलग वजह से चर्चा में हैं.वजह राजनीति नहीं, बल्कि उनका हमशक्ल है—जो किसी मंच पर भाषण नहीं दे रहा, बल्कि शादी समारोह में कैटरिंग संभालते हुए अचानक सोशल मीडिया स्टार बन गया.
डीडवाना-कुचामन जिले के लाडनूं में रहने वाले 42 वर्षीय नरेश कुमार इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं.चाल-ढाल, हुलिया, कद-काठी और बालों की स्टाइल—सब कुछ इतना मिलता-जुलता कि पहली नजर में लोग उन्हें डोटासरा ही समझ बैठते हैं.एक शादी समारोह में बनाया गया उनका वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, फोन की घंटियां थमने का नाम नहीं ले रहीं.
दिलचस्प बात यह है कि नरेश कुमार न तो राजनीति से जुड़े हैं और न ही उन्होंने कभी जानबूझकर किसी की नकल की.वे मेडिकल क्षेत्र में कार्यरत हैं और साथ ही अपना कैटरिंग व्यवसाय भी चलाते हैं. मूल रूप से जयपुर के रहने वाले नरेश पिछले करीब 20 वर्षों से लाडनूं में ही रह रहे हैं, जहां उनका ससुराल भी है.
नरेश बताते हैं कि 8 फरवरी को रिंगन गांव में एक शादी समारोह में कैटरिंग की बुकिंग के दौरान किसी ने मजाक-मजाक में कहा—“आप तो बिल्कुल डोटासरा जैसे दिखते हैं.” उसी दौरान उनका वीडियो बना लिया गया और सोशल मीडिया पर डाल दिया गया.फिर क्या था, वीडियो वायरल हुआ और लोग उन्हें “डोटासरा का डुप्लीकेट” कहकर बुलाने लगे.
खुद नरेश भी इस अचानक मिली पहचान से हैरान हैं. उनका कहना है कि उन्होंने कभी गोविंद सिंह डोटासरा को करीब से नहीं देखा और न ही उनसे मुलाकात हुई है.लेकिन अब हालात यह हैं कि लोग सिर्फ उनसे मिलने और एक झलक पाने के लिए फोन कर रहे हैं.
फिल्मी सितारों के हमशक्ल तो अक्सर चर्चा में आते रहे हैं, लेकिन किसी बड़े राजनीतिक चेहरे के हमशक्ल का यूं अचानक चर्चा में आ जाना अपने आप में दिलचस्प है.लाडनूं के इस साधारण व्यवसायी के लिए यह शोहरत भले ही अनायास आई हो, लेकिन फिलहाल सोशल मीडिया की दुनिया में वे पूरी तरह छाए हुए हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com