बालोद में लगी भीषण आग: किसान के खलिहान में जले 3 महिंद्रा ट्रैक्टर, स्विफ्ट कार और 160 बोरी धान

बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के खेरूद गांव में गुरुवार देर रात एक किसान के खलिहान में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया. आग की इस घटना में खलिहान में रखे तीन महिंद्रा ट्रैक्टर, एक स्विफ्ट कार और करीब 160 बोरी धान जलकर खाक हो गए. मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र का है.
जानकारी के अनुसार, खेरूद निवासी किसान राजेश यदु ने अपने खलिहान में खेती से संबंधित सामान रखा हुआ था. जिसमें तीन महिंद्रा ट्रैक्टर, एक स्विफ्ट कार और बड़ी मात्रा में धान की बोरियां शामिल थीं. गुरुवार देर रात अचानक खलिहान में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वहां रखा सारा सामान चपेट में आ गया.
आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही समय में खलिहान में रखे ट्रैक्टर, कार और धान की बोरियां पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं. घटना से किसान को लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है. इस घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि खलिहान में लगे सीसीटीवी कैमरे की हार्ड डिस्क भी आग में जलकर नष्ट हो गई, जिससे आग लगने के कारणों का तुरंत पता नहीं चल पाया है.
घटना की सूचना मिलते ही गुंडरदेही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मौके से सीसीटीवी की हार्ड डिस्क को कब्जे में लेकर उसका डेटा रिकवर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि डेटा रिकवर होने के बाद आग लगने के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.











