बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज, तेजस्वी यादव से मिले AIMIM नेता

एआइएमआइएम के बिहार प्रदेश के अध्यक्ष और विधायक अख्तर ईमान ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से बुधवार को मुलाकात की. मुलाकात के बाद भी अभी तक ओवैसी की पार्टी ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं. दरअसल यह मुलाकात राज्यसभा की एक सीट पर एआइएमआइएम द्वारा राजद के उम्मीदवार को समर्थन देने को लेकर हुई. इन दोनों ही नेताओं के बीच में मुलाकात नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के पोलो रोड स्थित सरकारी आवास पर हुई.
मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए अख्तरुल इमान ने कहा कि बातचीत पॉजिटिव हुई है. हम लोग अपनी बात को अपने नेता तक पहुंचाएंगे. उसके बाद मीडिया को जानकारी दे दी जाएगी.
ईमान का यह भी कहना था कि नॉमिनेशन के पहले हम लोगों ने अपने उम्मीदवार उतारने की बात कही थी. उनका यह भी कहना था कि आगामी 15 मार्च को इफ्तार है. उस दिन सारी बातें हो जाएंगी.
तेजस्वी यादव से AIMIM नेता ने की मुलाकात
उनका यह भी कहना था कि जो लोग दलित, पिछड़े, अकलियत के हित की लड़ाई लड़ रहे हैं. ऐसी ताकत को मजबूत होना चाहिए. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव से मेरी जो भी बातचीत हुई है, उसे हम अपने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की जानकारी में देंगे.
एक सीट पर जीत के लिए AIMIM का समर्थन जरूरी
बता दें कि एआईएमआईएम के पास पांच विधायक हैं. राज्यसभा की एक सीट पर जीत हासिल करने के लिए महागठबंधन को एआइएमआइएम के विधायकों की जरूरत है. तेजस्वी यादव ने बुधवार को मोबाइल फोन पर अख्तरुल इमान से बात की थी और उनको अपने आमंत्रित किया था. इस बात की जानकारी खुद अख्तरुल इमान ने दी थी.
तेजस्वी द्वारा आमंत्रित किए जाने के बाद इमान उनसे मिलने के लिए उनके साथ सरकारी आवास पर पहुंचे थे. राष्ट्रीय जनता दल की तरफ से अमरेंद्र धारी सिंह राज्यसभा की सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल किए हुए हैं.









