बिलासपुर एयरपोर्ट को 4C बनाने की उठी मांग, हैदराबाद समेत 6 नई फ्लाइट सेवाओं के लिए केंद्र से गुहार

बिलासपुर के बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट चकरभाठा को केंद्र सरकार की नई उड़ान योजना में शामिल कराने की मांग अब तेज हो गई है। इस संबंध में हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू से मुलाकात कर एयरपोर्ट के विस्तार और नई हवाई सेवाएं शुरू करने का ज्ञापन सौंपा।

समिति ने एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में अपग्रेड करने के साथ ही बिलासपुर से देश के विभिन्न शहरों के लिए छह नई उड़ान सेवाएं शुरू करने की मांग की है।

4C श्रेणी एयरपोर्ट बनाने की मांग

समिति का कहना है कि बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित किया जाए, ताकि यहां बड़े विमानों का संचालन संभव हो सके। इसके लिए केंद्र सरकार से 100 से 200 करोड़ रुपए तक की आर्थिक सहायता देने की मांग रखी गई है।हालांकि एयरपोर्ट राज्य सरकार के अधीन है, लेकिन नागरिक उड्डयन मंत्रालय सीधे इसके विकास के लिए फंड उपलब्ध करा सकता है।

छह नए हवाई रूट शुरू करने का प्रस्ताव

हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति ने केंद्र सरकार से छह नए हवाई मार्गों को उड़ान योजना में शामिल करने की मांग की है। इनमें सबसे ज्यादा मांग बिलासपुर-हैदराबाद, बिलासपुर-वाराणसी और बिलासपुर-मुंबई रूट की बताई जा रही है।

प्रस्तावित हवाई सेवाएं

  1. बिलासपुर – हैदराबाद – बिलासपुर
  2. बिलासपुर – वाराणसी – बिलासपुर
  3. बिलासपुर – इंदौर – बिलासपुर
  4. बिलासपुर – नागपुर – मुंबई – वापसी
  5. बिलासपुर – जगदलपुर – विशाखापट्टनम
  6. बिलासपुर – प्रयागराज – नई दिल्ली – वापसी

    नई उड़ान योजना में बड़ा बजट

समिति के अनुसार केंद्र सरकार की नई उड़ान योजना में 28,240 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस योजना के तहत देशभर के 100 अविकसित और अर्ध-विकसित एयरपोर्ट्स को आधारभूत संरचना विकास के लिए सहायता दी जाएगी।

इसके अलावा नई हवाई सेवाओं के संचालन के लिए एयरलाइंस कंपनियों को तीन साल तक सब्सिडी देने हेतु 10,043 करोड़ रुपए का बजट भी रखा गया है।

मंत्री तोखन साहू ने दिया आश्वासन

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने समिति की मांगों पर सहमति जताते हुए कहा कि वे इस संबंध में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से चर्चा करेंगे और मांगों को स्वीकृति दिलाने का प्रयास करेंगे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com