बहराइच में खेत से वापस आ रहे युवक पर तेंदुए ने किया हमला, सीएचसी रेफर

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता जा रहा है. आज देर शाम एक युवक अपने खेत की तरफ से वापस आ रहा था कि अचानक तेंदुए ने उसे पर घात लगाकर हमला कर दिया. तेंदुए के हमले में युवक के सिर पर काफी जख्म आए हैं. युवक ने संघर्ष कर अपनी जान बचाई है. शोर गुल कर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने हांका लगाकर तेंदुए को भगाया और युवक को प्राथमिक उपचार के लिए सुजौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए, जहां पर बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया है.

पूरा मामला कतर्निया घाट वन्य जीव प्रभाग के निशान गाड़ा रेंज के आजमगढ़ पुरवा गांव का है, जहां पर बीते दिनों के हमले में एक बालक की मौत भी हो गई थी. जिसके बाद यहां पर पिंजरा भी लगाया गया था. बताया जा रहा है कि गांव के ही लखन्दर पुत्र राजदेव अपने खेत से वापस आ रहे थे. इसी दौरान पिंजरे के समीप मौजूद तेंदुए ने उन पर घात लगाकर हमला कर दिया. तेंदुए के हमले में लखन्दर बुरी तरीके से घायल हो गए.

लखन्दर को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली लाया गया है, जहां पर डॉक्टर आरपी सिंह के द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया गया और बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया है. ग्रामीणों के मुताबिक, तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है जिससे छोटे बच्चों पर हमले भी हो सकते हैं. वन विभाग के द्वारा पिंजरा लगाया गया है लेकिन अभी तक तेंदुआ पिंजरे में कैद नहीं हुआ है.

close