हैदराबाद में गणेश जी का लड्डू बना ‘करोड़पति’, 1.01 करोड़ में हुई नीलामी; रचा इतिहास

Hyderabad Ganesh Laddu Auction: हैदराबाद के बंदलागुडा जागीर स्थित कीर्ति रिचमंड विला में गणेश चतुर्थी उत्सव के मौके में आयोजित लड्डू की नीलामी ने एक नया इतिहास रच दिया है. यहां गणेश जी के लड्डू ने नीलामी में 1 करोड़ रुपये से अधिक की रिकॉर्ड तोड़ कीमत हासिल करके सभी को चौंका दिया. रिचमंड विला परिसर में गणेश विसर्जन से पहले आयोजित इस लड्डू की नीलामी में विला के निवासियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया.

भक्तों के बीच हुई इस नीलामी में लड्डू की कीमत पल-पल बढ़ती गई और उच्चतम स्तर पर पहुंच गई. नीलामी में, विला के सदस्यों ने समूह बनाकर इस पवित्र प्रसाद को जीतने के लिए प्रतिस्पर्धा की. शक्तिमान टीम ने 1.01 करोड़ रुपये में लड्डू की निलामी जीती. हालांकि, इस बार कीमत पिछले वर्षों की तुलना में कम हो गई है.

इस साल घट गई लड्डू की कीमत

2024 में रिकॉर्ड 1.87 करोड़ रुपये और 2025 में 2.31 करोड़ रुपये में निलाम होने वाला लड्डू इस साल घटकर 1.01 करोड़ रुपये रह गया. इस बीच, आयोजकों ने बताया कि लड्डू की नीलामी से प्राप्त धनराशि का उपयोग आरपी दीया चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में सामाजिक सेवा कार्यक्रमों के लिए किया जा रहा है.

विला में काम करने वाली गरीब नौकरानियों, ड्राइवरों और बच्चों की स्कूल फीस इसी धनराशि से दी जाती है. गंभीर बीमारियों से पीड़ित गरीबों को मुफ्त चिकित्सा सहायता प्रदान की जाती है. वृद्धाश्रमों, अनाथालयों और अन्य धर्मार्थ संगठनों को प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है. 2018 में महज 25,000 रुपये से शुरू हुई रिचमंड विला लड्डू नीलामी अप्रत्याशित रूप से बढ़ रही है.

लोकप्रिय है कीर्ति रिचमंड विला की ये निलामी

भक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी के भाव से प्रेरित होकर यह नीलामी लोकप्रियता हासिल कर रही है. त्योहार मनाने के साथ-साथ लड्डू नीलामी से जुटाए गए करोड़ों रुपये का उपयोग समुदाय के कल्याण के लिए करके कीर्ति रिचमंड विला के निवासी सभी के लिए एक मिसाल कायम कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: 12 घंटे के अंदर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दो शिकायत, अब महुआ मोइत्रा पहुंचीं पुलिस स्टेशन

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close