घर बेचा, परिवार के पैसे भी दे दिए… 241 बार में 5 करोड़ रुपये किए ट्रांस्फर; डेटिंग ऐप के चक्कर में लुट गया वकील

Telangana Dating App Fraud: तेलंगाना के हैदराबाद में एक युवक से ठगी का मामला सामने आया है. यहां एक 27 साल के युवक से ठगी डेंटिंग ऐप के जरिये की गई. ठग ने डेटिंग ऐप पर महिला बनकर युवक से बात की. फिर बाद में ब्लैकमेल किया. उसकी पर्सनल चैट उसके परिवार को लीक करने और सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी देकर 5 करोड़ रुपये ऐंठ लिए. पीड़ित की शिकायत के बाद तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो (TGCSB) ने मामला दर्ज किया.
जानकारी के अनुसार, हैदराबाद में रहने वाला पीड़ित युवक अगस्त 2025 में एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर खुद को दिशा बताने वाली एक लड़की के कॉन्टैक्ट में आया. दिशा ने खुद को सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल बताया और दोनों अक्सर चैट करने लगे. भरोसा होने के बाद, युवक ने उसके साथ अपनी पर्सनल जानकारी उससे शेयर की.
पिता की मौत का हवाला देकर पैसे मांगे
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने पहले अपने पिता की मौत और अंतिम संस्कार के खर्च का हवाला देकर पैसे मांगे. युवक ने कहा कि उसने कई UPI ट्रांजैक्शन के जरिए 4.3 लाख रुपये ट्रांसफर किए. जब उसने पैसे वापस नहीं किए, तो पीड़ित ने आगे पेमेंट करने से मना कर दिया. इसके बाद आरोपी ने युवक से कहा कि वह ट्रांसजेंडर कम्युनिटी से है और उसका असली नाम अलीना है.
इसके बाद युवक को धमकी दी गई कि अगर उसने पैसे नहीं दिए तो उसकी पर्सनल चैट वायरल कर दी जाएगी. इसके बाद पीड़ित ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया. कई महीने बाद, जुलाई 2026 में, आरोपी ने कथित तौर पर उससे फिर से संपर्क किया, और दावा किया कि उसकी मां ब्रेन ब्लड क्लॉट के कारण अस्पताल में भर्ती है. साथ ही धमकिया जारी रहीं. आरोपी ने अपनी चैट को प्राइवेट रखने के बदले में पैसे मांगे.
पीड़ित ने 241 बार में पैसे ट्रांसफर किए
युवक की पर्सनल चैट उसके परिवार के साथ शेयर करने और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी देकर, जालसाज ने जुलाई से 15 सितंबर के बीच करोड़ों रुपये ऐंठ लिए. पीड़ित ने 241 बार में पैसे ट्रांसफर किए. ज्यादातर ट्रांसफर ऑनलाइन किए गए, लेकिन सितंबर में आरोपी ने चार मौकों पर ठग को 77 लाख रुपये कैश में दिए.
पीड़ित ने अपनी सेविंग्स, फैमिली सेविंग्स और एक फ्लैट बेचने से मिले पैसे से 5 करोड़ रुपये से ज्यादा का पेमेंट किया.पेमेंट के बाद भी जब धमकियां मिलती रहीं, तो पीड़ित अपने परिवार को बताया और 19 सितंबर को नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई. तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो ने मामला दर्ज कर लिया और आरोपी का पता लगाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: हैदराबाद में गणेश जी का लड्डू बना करोड़पति, 1.01 करोड़ में हुई नीलामी; रचा इतिहास











