हार्ट हेल्थ के लिए प्लांट बेस्ड प्रोटीन फायदेमंद, किन चीजों में मिलता है?

American Heart Association ने डाइट से जुड़ी अहम जानकारी साझा की है. एसोसिएशन के मुताबिक, लोगों को अपनी डाइट में डैयरी फैट कम लेना चाहिए और इसकी जगह प्लांट बेस्ड प्रोटीन को अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए. प्लांट बेस्ड प्रोटीन क्या होता है और यह किन चीजों में पाया जाता है? इसके बारे में जानने के लिए हमने आरएमएल हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग में यूनिट हेड डॉ. सुभाष गिरि से बातचीत की है.
डॉ. सुभाष बताते हैं कि प्लांट बेस्ड प्रोटीन यानी ऐसा प्रोटीन जो पौधों से हमें मिलता है. यह शरीर के लिए जरूरी होता है. इसमें कई तरह के एमिनो एसिड होते हैं. साथ ही फाइबर, विटामिन भी होते हैं. ये जानवारों से मिवने वाला प्रोटीन जैसे दूध या घी से ज्यादा फायदेमंद हो सकता है. इसमें सैचुरेटेड फैट कम होता है, जो दिल के लिए फायदेमंद माना जाता है. खासकर उन लोगों को लिए प्लांट बेस्ड प्रोटीन ज्यादा अच्छा है जिनके शरीर में मोटापा है और पहले से ही हार्ट संबंधी बीमािरियां हैं या इन बीमारियों का रिस्क अधिक है.
प्लांट बेस्ड प्रोटीन में क्या – क्या चीजें होती हैं
दालें (मूंग, मसूर, अरहर)
चना
राजमा
सोयाबीन
बादाम
अखरोट
चिया सीड
क्विनोआ
ब्राउन राइस
डेयरी वाले प्रोटीन से प्लांट बेस्ट प्रोटीन कैसे फायदेमंद
डॉ सुभाष बताते हैं कि डेयरी वाला प्रोटीन जानवरों से आता है. जैसे दूध और इससे बना मक्खन, ये चीजें ज्यादा खाने से शरीर में फैट की मात्रा बढ़ सकती है. इससे हार्ट की बीमारियों का खतरा रहता है, लेकिन प्लांट बेस्ड प्रोटीन जैसे दालें और राजमा खाने से शरीर में फैट कम रहता है और इनमें मौजूद फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखता है, जिससे ओवरईटिंग कम होती है. इससे मोटापा कंट्रोल में रहता है और हार्ट की बीमारियों का रिस्क कम होता है. डेयरी वाले प्रोटीन से लैक्ट्रोज इंटॉलरेंस का भी रिस्क होता है. कई लोगों को इससे पाचन संबंधी समस्याएं होने लगती हैं. हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि पूरी तरह प्लांट बेस्ड डाइट लेने वालों को विटामिन B12 और आयरन की कमी न हो, इसका ध्यान रखें.
डॉक्टर से सलाह लें
डॉ. सुभाष कहते हैं कि हर व्यक्ति का शरीर अलग- अलग होता है. किसी को कुछ सूट करता है तो कुछ नहीं. ऐसे में ये जरूरी है कि अगर आप सालों से डेयरी प्रोडक्ट खा रहे हैं और अब प्लांट बेस्ट डाइट लेना चाहते हैं तो इस मामले में पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें.











