छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, अंधड़ और बारिश की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 13 मई से प्रदेश के कई इलाकों में अंधड़ और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि, गर्मी से लोगों को ज्यादा राहत मिलने के आसार नहीं हैं और तापमान में बढ़ोतरी जारी रह सकती है।

50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। रविवार को भी कई इलाकों में मौसम का असर देखने को मिला था, जहां तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी दर्ज की गई।

अगले पांच दिनों में बढ़ेगा तापमान

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बारिश और अंधड़ के बावजूद तापमान में खास गिरावट नहीं होगी। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में दिनभर गर्मी, शाम को छा सकते हैं बादल

राजधानी रायपुर में सोमवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। दोपहर और शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं। शहर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। गर्म हवाओं और बढ़ती उमस से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com