नामी ब्रांड के नाम पर नकली ऑयल का कारोबार, पुलिस ने 2.66 लाख का माल किया जब्त

कोरबा के दीपका में नामी कंपनी के नाम पर नकली ऑयल बेचने के मामले का खुलासा हुआ है। कंपनी के अधिकारियों की शिकायत के बाद पुलिस ने एक दुकान में दबिश देकर 20 लीटर क्षमता वाले 192 नग डीजल एग्जॉस्ट फ्यूल के डिब्बे बरामद किए हैं। जब्त किए गए ऑयल की कीमत करीब 2 लाख 66 हजार 250 रुपये बताई गई है।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित ऑयल निर्माण कंपनी के अधिकारियों को पिछले कुछ दिनों से टाटा मोटर्स के नाम पर नकली ऑयल बेचे जाने की शिकायत मिल रही थी। शिकायत के आधार पर कंपनी के अधिकारी शनि घोष पी-37 पीएम सरनी, कोलकाता से दीपका पहुंचे और मामले की जांच की। जांच के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
कंपनी अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने दी दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू की टीम ने संबंधित दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को दुकान से 192 नग टाटा मोटर्स डीजल एग्जॉस्ट फ्यूल मिला। इसमें सील बंद डीईएफ ऑयल के डिब्बे भी शामिल थे। पुलिस ने सभी सामग्री को जब्त कर लिया।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए ऑयल की कुल कीमत करीब 2 लाख 66 हजार 250 रुपये है। मामले में पुरानी बस्ती, कोरबा निवासी चैतन्य मनहर के खिलाफ धारा 318(4), 347, 349 और 63 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नकली ऑयल के कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।











