असम बाढ़ में मदद को आगे आया छत्तीसगढ़: CM साय ने सरमा से बात कर ₹5 करोड़ सहायता देने का किया ऐलान

रायपुर, 09 अगस्त 2026
असम में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने राहत और पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए ₹5 करोड़ की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से दूरभाष पर चर्चा कर बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली और इस कठिन समय में असम के लोगों के साथ छत्तीसगढ़ की एकजुटता जताई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता असम के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़ी है। उन्होंने राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए राज्य सरकार की ओर से ₹5 करोड़ की सहायता राशि देने की बात कही।
असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस साल बाढ़ से 99 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1.47 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। कई इलाकों में घर और सड़कें जलमग्न होने के कारण लोगों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ रही है।
असम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, 12 जिले अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें सोनितपुर, नगांव, गोलाघाट, शिवसागर, होजाई, दरांग, जोरहाट, धेमाजी, चराईदेव, कार्बी आंगलोंग, लखीमपुर और बिस्वनाथ शामिल हैं।
गोलाघाट सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां करीब 61,735 लोग बाढ़ की चपेट में हैं। इसके बाद शिवसागर में 43,492 और जोरहाट में 24,283 लोग प्रभावित हैं। हालांकि, शुक्रवार की तुलना में प्रभावित लोगों की संख्या में कुछ कमी आई है। शुक्रवार को 13 जिले बाढ़ से प्रभावित थे और प्रभावित आबादी 1.55 लाख से अधिक थी।
मुख्यमंत्री साय के इस निर्णय से असम में जारी राहत और पुनर्वास कार्यों को सहयोग मिलने की उम्मीद है।











