रांची में प्रदर्शनकारियों का विधानसभा मार्च शुरू, CM सोरेन के घर के बाहर BJP का धरना, बाबूलाल मरांडी हिरासत में

रांची में JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितता की जांच की मांग को लेकर कई दिनों से छात्रों का प्रदर्शन जारी है. छात्रों की ओर से आज सोमवार को जहां विधानसभा घेराव के लिए मार्च निकाला जा रहा है तो वहीं अब इस प्रदर्शन में राजनीतिक दल भी शामिल होते जा रहे हैं. रांची स्थित CM हेमंत सोरेन के आवास के बाहर धरने पर बैठक नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत पार्टी के कई नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है.
हिरासत में लिए जाने के बाद झारखंड में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा, “छात्र अपना विरोध जारी रखे हुए हैं, लेकिन सरकार लोगों का ध्यान भटका रही है. JPSC-JSSC-CGL इन सभी मामलों की CBI से जांच होनी चाहिए.” इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी और बीजेपी नेता आदित्य साहू की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना दिया. पार्टी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की CBI जांच की मांग कर रहे हैं.
इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने कहा, “पिछले 14-15 दिनों से ये छात्र स्टेडियम में भूख हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन सरकार मामले को टाल रही है.”
दूसरी ओर, प्रदर्शनकारी छात्र रांची में पुरानी विधानसभा बिल्डिंग के पास बड़ी संख्या में एकत्र हुए. अब वे यहां से नई विधानसभा बिल्डिंग तक मार्च कर रहे हैं. छात्रों की ओर से शांतिपूर्ण तरीके से मार्च निकाला जा रहा है.











