रायपुर में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग, भाजपा नेत्री का वीडियो वायरल

रायपुर में एक शादी समारोह के दौरान खुलेआम हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। भाजपा से जुड़ी एक महिला नेता और उनके परिवार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला नेता, उनके पति और अन्य लोग हथियारों से फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है।
शादी समारोह में चली गोलियां, वीडियो वायरल
जानकारी के अनुसार, यह मामला रायपुर में आयोजित एक शादी समारोह का है। वायरल वीडियो में भाजपा नेत्री मोनिका सिंह अपने पति ऋतुपर्ण सिंह के साथ हवाई फायरिंग करती दिखाई दे रही हैं। समारोह में मौजूद कुछ महिलाएं और लड़कियां भी बंदूक और पिस्टल से फायरिंग करती नजर आ रही हैं।
सोशल media पर वायरल वीडियो में बच्चे भी हथियार लहराते दिखाई दे रहे हैं। कार्यक्रम में फिल्मी गानों और डीजे की धुन पर रील बनाकर वीडियो शेयर किए गए हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
कांग्रेस ने उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल
मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण ने कहा कि हथियारों के लाइसेंस के उपयोग की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और सरकार को इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर भी कई यूजर्स ने सवाल उठाए हैं कि आम लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने वाली पुलिस प्रभावशाली लोगों के मामलों में नरमी क्यों बरतती है।
पुलिस ने जांच की कही बात
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, ऋतुपर्ण सिंह बिलासपुर में चतुर्थ श्रेणी के शासकीय कर्मचारी हैं और भाजपा नेताओं के करीबी बताए जाते हैं। आरोप है कि इससे पहले भी वे हर्ष फायरिंग से जुड़े मामलों में चर्चा में रह चुके हैं। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और हथियारों के इस्तेमाल की जांच कर रही है।











