RDA की नोटिस से नाराज बोरियाखुर्द के रहवासी, आज कार्यालय का करेंगे घेराव

बोरियाखुर्द कॉलोनीवासियों में रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) की ओर से जारी नोटिस को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कॉलोनीवासी सोमवार को दोपहर 12 बजे RDA कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान रहवासी अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी अधिकारियों को सौंपेंगे।
बैठक में समस्याओं और मांगों पर हुई चर्चा
प्रदर्शन से एक दिन पहले रविवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी आवास समिति, बोरियाखुर्द के बैनर तले कॉलोनीवासियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में RDA की ओर से भेजी गई नोटिस समेत कॉलोनी की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। रहवासियों ने बकाया राशि पर 100 प्रतिशत ब्याज में छूट देने की मांग रखी। इसके अलावा पात्र हितग्राहियों को सब्सिडी का लाभ देने और कॉलोनी की जर्जर इमारतों की मरम्मत कराने की मांग भी उठाई गई।
बड़ी संख्या में प्रदर्शन की तैयारी
बैठक में तय किया गया कि मांगों के समर्थन में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी सोमवार को RDA कार्यालय पहुंचेंगे। प्रदर्शन के बाद अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। बैठक में डॉ. नेहाल खान, शेख सकील, अर्चना शर्मा, प्रकाश सोनी, सोनू खान, पुष्पा बुनकर, हीरा देवांगन, उमेश द्विवेदी और जगमोहन निषाद समेत अन्य कॉलोनीवासी मौजूद रहे।











