छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बड़ा हादसा: गैस सिलेंडर फटने से 4 लोगों की दर्दनाक मौत

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को गैस सिलेंडर फटने से दर्दनाक हादसा हो गया. कुम्हारी थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. मृतकों में डेढ़ साल की मासूम बच्ची भी शामिल है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई.
अचानक धमाके के बाद फैली आग
बताया जा रहा है कि कुम्हारी स्थित एक मकान में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद देखते ही देखते पूरे घर में आग फैल गई. आग इतनी तेजी से भड़की कि घर के अंदर मौजूद लोग बाहर निकलने का मौका नहीं पा सके. कुछ ही देर में पूरा मकान आग की चपेट में आ गया.
लोगों ने बचाने की कोशिश की
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बेकाबू हो चुकी थी. काफी मशक्कत के बाद जब आग पर काबू पाया गया तो घर के भीतर से चार लोगों के शव बरामद किए गए. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.











