ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा करने आज छत्तीसगढ़ आएंगे केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान

भारत सरकार के ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान 13 और 14 मई को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे ग्रामीण विकास मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे और जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व हितग्राहियों से संवाद करेंगे।

आज लेंगे योजनाओं की समीक्षा बैठक

केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान 13 मई को राज्य स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना और राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम समेत कई योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों में संचालित ग्रामीण विकास गतिविधियों की जानकारी भी ली जाएगी।

जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों से करेंगे संवाद

प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री पंचायत प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों के साथ संगोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों और योजनाओं के बेहतर संचालन पर चर्चा की जाएगी। अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए जा सकते हैं।

हितग्राहियों और स्व-सहायता समूहों से करेंगे मुलाकात

14 मई को केंद्रीय मंत्री ग्रामीण विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और नवाचारों का अवलोकन करेंगे। इस दौरान वे स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से सीधे संवाद करेंगे। साथ ही योजनाओं से मिल रहे लाभ और जमीनी स्तर पर उनकी स्थिति की जानकारी भी लेंगे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com