राजधानी में ट्रेड यूनियनों का प्रदर्शन: गिरफ्तार मजदूरों की रिहाई और न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग

राजधानी रायपुर में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और विभिन्न स्वतंत्र संगठनों के संयुक्त मंच के नेतृत्व में श्रमिकों और कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। अंबेडकर चौक में आयोजित इस प्रदर्शन में नोएडा समेत दिल्ली-एनसीआर में गिरफ्तार मजदूरों की रिहाई और श्रमिकों के अधिकारों की बहाली की मांग उठाई गई। प्रदर्शन राष्ट्रीय मांग दिवस के तहत आयोजित किया गया।

श्रमिकों के शोषण के खिलाफ उठी आवाज

विरोध सभा को संबोधित करते हुए संयुक्त मंच के संयोजक और ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मराज महापात्र ने कहा कि देश के कई औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक कम वेतन, असुरक्षित कार्य परिस्थितियों और ठेका प्रथा के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारें श्रमिकों की मांगों पर विचार करने के बजाय दमनात्मक कार्रवाई कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में ठेका श्रमिकों से 10 से 13 घंटे तक काम लिया जा रहा है, जबकि उन्हें केवल 10 से 12 हजार रुपए मासिक वेतन मिल रहा है। श्रमिकों को पीएफ, ईएसआई, ओवरटाइम भुगतान और साप्ताहिक अवकाश जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं।

न्यूनतम वेतन 26 हजार करने की मांग

प्रदर्शन के दौरान ट्रेड यूनियनों ने न्यूनतम मजदूरी 26 हजार रुपए प्रतिमाह तय करने, 8 घंटे का कार्यदिवस लागू करने और अतिरिक्त काम के लिए दोगुना ओवरटाइम भुगतान की मांग की। साथ ही श्रम संहिताओं को वापस लेकर पुराने श्रम कानून लागू करने की भी मांग उठाई गई।

यूनियनों ने गिरफ्तार मजदूरों और ट्रेड यूनियन नेताओं की बिना शर्त रिहाई, झूठे मुकदमों की वापसी और ठेका श्रमिकों को समान वेतन व सुविधाएं देने की मांग भी रखी। प्रदर्शनकारियों ने बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की कीमतों को लेकर भी सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।

कई संगठनों के कार्यकर्ता हुए शामिल

प्रदर्शन में इंटक, सीटू, एटक, एचएमएस, एक्टू, पोस्टल यूनियन, इंश्योरेंस एम्पलाईज यूनियन समेत कई कर्मचारी और श्रमिक संगठन शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व विभिन्न ट्रेड यूनियन नेताओं ने किया।

सभा के अंत में एक प्रस्ताव पारित कर एनआईटी परीक्षा रद्द होने से प्रभावित छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया गया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com