रायपुर में हाईवोल्टेज ड्रामा: यूनीपोल पर चढ़ी महिला, कूदने की धमकी से मचा हड़कंप

रायपुर की सड़कों पर बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब शंकर नगर मेनरोड स्थित एक ऊंचे यूनीपोल पर एक महिला चढ़ गई और नीचे कूदने की धमकी देने लगी। घटना को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई।
अचानक यूनीपोल पर चढ़ी महिला, लोगों में फैली दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला अचानक यूनीपोल पर चढ़ गई और काफी ऊंचाई पर पहुंचकर जोर-जोर से चिल्लाने लगी। वह बार-बार नीचे कूदने की बात कह रही थी, जिससे आसपास मौजूद लोगों के बीच डर और दहशत का माहौल बन गया। लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सड़क पर लगा लंबा जाम, दोनों ओर वाहनों की कतार
घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित करने की कोशिश की।
पुलिस और SDRF ने संभाला मोर्चा
मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस की सिविल लाइन थाना टीम और SDRF के जवान मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने काफी सूझबूझ और धैर्य के साथ महिला को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
मानसिक स्थिति की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है। फिलहाल महिला को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर पूछताछ की जा रही है। पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।










