भाजपा की नई कोर ग्रुप पर सियासत तेज, दीपक बैज के आरोपों पर बृजमोहन का पलटवार— “मुझे कोई किनारे नहीं कर सकता”

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की नई कोर ग्रुप की घोषणा के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को नई टीम में जगह नहीं मिलने पर विपक्ष को हमला बोलने का मौका मिल गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अपने ही वरिष्ठ नेताओं के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
कोर ग्रुप से बाहर हुए कई बड़े चेहरे
मंगलवार को भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुई बैठक के बाद नई कोर ग्रुप का गठन किया गया। इस दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री रामविचार नेताम और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल को नई सूची में शामिल नहीं किया गया। इस फैसले के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
दीपक बैज का हमला— भाजपा में गुटबाजी चरम पर
दीपक बैज ने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल जैसे अनुभवी नेता को नजरअंदाज करना भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने वरिष्ठ नेताओं का सम्मान नहीं कर पा रही है और पार्टी के भीतर खींचतान चरम पर पहुंच चुकी है।
बृजमोहन का पलटवार— मुझे कोई किनारे नहीं कर सकता
कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा में कोर कमेटी में रखना या बदलाव करना एक सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि वह पिछले दस वर्षों से कोर कमेटी का हिस्सा रहे हैं और जब तक राजनीति में सक्रिय हैं, तब तक उन्हें कोई किनारे नहीं कर सकता।वित्त मंत्री के बयान पर भी कांग्रेस का निशाना
इस दौरान दीपक बैज ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी के सरकारी खर्च और काफिले में कटौती वाले बयान पर भी सवाल उठाए। बैज ने कहा कि अब समीक्षा की बात करना शर्मनाक है, सरकार को पहले ही हालात समझने चाहिए थे।
बृजमोहन बोले— कांग्रेस पहले अपना संगठन संभाले
अंत में बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भाजपा की चिंता छोड़ पहले अपने संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।










