पेट्रोल-डीजल 3 रुपये महंगा: रायपुर में पंपों पर उमड़ी भीड़, आम आदमी की बढ़ी चिंता

देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद छत्तीसगढ़ में भी इसका सीधा असर देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमत 100.45 रुपये से बढ़कर 103 रुपये के पार पहुंच गई है, वहीं डीजल 93.39 रुपये से बढ़कर 96.55 रुपये प्रति लीटर हो गया है। अचानक हुई इस बढ़ोतरी ने वाहन चालकों और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

सुबह से पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़

कीमतों में बढ़ोतरी की खबर फैलते ही रायपुर के पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों में ईंधन भरवाने पहुंचे। कई जगहों पर लोगों ने बढ़ी कीमतों को लेकर नाराजगी भी जताई।

बढ़े दामों का सीधा असर आम आदमी पर

पेट्रोल और डीजल महंगे होने का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा। ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने से रोजमर्रा की जरूरतों का सामान भी महंगा हो सकता है। शहर से गांव और एक राज्य से दूसरे राज्य तक माल ढुलाई की लागत बढ़ने से खाद्य पदार्थों समेत कई जरूरी चीजों के दाम बढ़ने की आशंका है।

वैश्विक तनाव बना वजह

खाड़ी देशों में जारी युद्ध और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने से क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल देखा जा रहा है। इसका असर भारतीय बाजार पर भी पड़ रहा है, जिसके चलते पेट्रोलियम कंपनियों ने कीमतों में इजाफा किया है।

पीएम मोदी ने की ईंधन बचाने की अपील

बढ़ती वैश्विक चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट और ई-व्हीकल अपनाने का आग्रह किया है, ताकि देश पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव कम किया जा सके।

छत्तीसगढ़ में दिखने लगा अपील का असर

प्रधानमंत्री की अपील का असर छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी नजर आने लगा है। मुख्यमंत्री से लेकर कई मंत्री और विधायक अपने काफिले की गाड़ियों में कटौती कर रहे हैं। वहीं कई जनप्रतिनिधि अब ई-व्हीकल का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com