शराब पार्टी में विवाद बना हत्या की वजह, दोस्त ने सिलबट्टे से उतारा मौत के घाट

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवक की सिलबट्टे से कुचलकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा पुलिस डॉग ‘रूबी’ की मदद से हुआ। घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भकुर्रा आवासपारा निवासी गोरखनाथ चौहान (65) ने रविवार रात लैलूंगा थाने में सूचना दी कि उनके 23 वर्षीय बेटे रामनाथ उर्फ सोनू चौहान का शव घर की परछी में पड़ा है। उसके सिर और गर्दन पर सिलबट्टा रखा हुआ था।
गोरखनाथ ने पुलिस को बताया कि रामनाथ शराब का आदी था और नशे की हालत में अक्सर झगड़ा करता था। इसी कारण उसके साथ कोई नहीं रहता था। उसकी मां भी एक सप्ताह पहले अपनी बेटी के घर ग्राम जमुना गई हुई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मौके से एक गमछा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर जांच शुरू की। इसके बाद डॉग स्क्वाड की मदद ली गई।
पुलिस डॉग ‘रूबी’ ने आरोपी तक पहुंचाया
डॉग मास्टर वीरेंद्र अनंत ने पुलिस डॉग ‘रूबी’ की मदद से घटनास्थल से मिले सुराग के आधार पर कई संदिग्धों की पहचान कराई। जांच के दौरान रूबी ने मृतक के दोस्त भुवनेश्वर यादव की ओर स्पष्ट संकेत दिए।
संदेह के आधार पर पुलिस ने भुवनेश्वर यादव (26) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद
आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह और रामनाथ साथ बैठकर खाना खा रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर उसने घर में रखे भारी सिलबट्टे से रामनाथ के सिर और गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
SSP ने डॉग स्क्वाड की सराहना की
रायगढ़ SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस हर गंभीर अपराध की वैज्ञानिक और साक्ष्य-आधारित जांच के जरिए अपराधियों तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मामले में लैलूंगा पुलिस और डॉग स्क्वाड ने सराहनीय कार्य किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











