लगातार बारिश से जांजगीर-चांपा बेहाल, नदी-नाले उफान पर, कई गांवों का संपर्क टूटा

जांजगीर-चांपा जिले में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कई नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर नगर सैनिकों की तैनाती की है।
लगातार बारिश के कारण नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों की सड़कों, गलियों और चौक-चौराहों पर पानी भर गया है। कई जगह नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से पानी की निकासी बाधित हुई, जिससे सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। नैला मार्ग पर घुटनों तक पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रिंगनी और बिलारी का संपर्क टूटा
बारिश के चलते रिंगनी और बिलारी गांव के कांजी नाले उफान पर हैं। इसके कारण दोनों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क पिछले करीब 10 घंटे से बाधित है। वहीं खेतों में पानी भरने से किसानों को फसलों के नुकसान की चिंता सताने लगी है।
लीलागर नदी का पानी पुल के ऊपर
बिलासपुर-पामगढ़ मार्ग पर लीलागर नदी का जलस्तर बढ़ने से पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने इस मार्ग पर आवागमन रोक दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो पुल पूरी तरह पानी में डूब सकता है।
प्रशासन ने जारी की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की है। साथ ही सभी नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक जोखिम नहीं लेने की सलाह दी गई है।











