पंडरिया में सड़कों, नालियों और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण: विधायक भावना बोहरा ने वनांचल गांवों में चौपाल लगाकर सुनीं जनसमस्याएं

पंडरिया, 23 जुलाई 2026

पंडरिया विधानसभा की विधायक भावना बोहरा ने गुरुवार को नगर पालिका परिषद पंडरिया के विभिन्न वार्डों का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन सड़कें, नालियां, चौपाटी, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, तालाबों की सफाई और चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद विधायक भावना बोहरा ने दूरस्थ वनांचल ग्राम माठपुर, डालामौहा और चिंयाडांड में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार जनता की अपेक्षाओं को केंद्र में रखकर विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने दावा किया कि पंडरिया विधानसभा में पिछले वर्षों के दौरान 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, न्यायिक अधोसंरचना और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्य स्वीकृत हुए हैं। इनमें कई परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि कई कार्य अभी प्रगति पर हैं।

उन्होंने बताया कि हरिनाला पुल, पंडरिया बाईपास, मुख्य मार्ग निर्माण, बिसेसरा नाला से हरिनाला तक सड़क, नवीन नगर पालिका भवन, 250 सीटर नालंदा परिसर लाइब्रेरी, नवीन व्यवहार न्यायालय (सिविल कोर्ट) भवन, व्यावसायिक परिसर, मिनी स्टेडियम और चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, बिजली और प्रकाश व्यवस्था का विस्तार भी किया जा रहा है।

वनांचल क्षेत्रों के विकास का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में करीब 200 किलोमीटर पक्की सड़कें बनाई गई हैं, जिससे सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हुआ है। वहीं करीब 3,500 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। दुर्गम इलाकों में टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति, विद्युतीकरण, सिंचाई परियोजनाएं, पुल-पुलिया निर्माण तथा कुई-कुकदुर में महाविद्यालय की स्थापना जैसे कार्यों से वनांचल क्षेत्रों के विकास को नई गति मिली है।

उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा के हर गांव और नगर तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और आने वाले समय में भी विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com