चरित्र पर शक में पत्नी की बेरहमी से हत्या, शराब पिलाने के बाद सिर धड़ से किया अलग

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पत्नी के चरित्र पर शक के चलते एक व्यक्ति ने अपनी दूसरी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्नी को शराब पिलाई और फिर घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से उसका गला काटकर सिर धड़ से अलग कर दिया। वारदात के बाद उसने शव को घर के पीछे फेंक दिया और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गोंदपाल गांव की है। मृतका की पहचान 35 वर्षीय झुमकी कुंजाम के रूप में हुई है। वह अपने पति लक्ष्मण कुंजाम के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि लक्ष्मण पूर्व सरपंच भी रह चुका है। पिछले कुछ महीनों से दोनों दंतेवाड़ा के कतियाररास इलाके में रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार पति को लंबे समय से पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 17 जुलाई को भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। उस समय आरोपी शराब के नशे में था। विवाद बढ़ने पर उसने चाकू से पत्नी पर हमला कर गला काट दिया और शव को घर के पीछे फेंककर फरार हो गया।
करीब छह दिनों तक महिला का शव घर के पीछे पड़ा रहा। शव सड़ने से उसमें कीड़े पड़ गए और आसपास दुर्गंध फैलने लगी। बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस का संदेह सबसे पहले पति पर गया, क्योंकि घटना के बाद से वह गांव से गायब था। तलाश के बाद पुलिस ने उसे गांव से ही हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मण कुंजाम की पहली पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी और उससे उसके चार बच्चे हैं। पहली पत्नी की मृत्यु के बाद उसने झुमकी कुंजाम से दूसरी शादी की थी। घटना के समय बच्चे घर में मौजूद नहीं थे। महिला के परिजनों ने भी मामले में पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन ने बताया कि महिला की हत्या उसके पति ने ही की है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।











