रायगढ़ डबल मर्डर मिस्ट्री बरकरार, एक सप्ताह बाद भी पुलिस के हाथ खाली

रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र स्थित छापरपानी गांव में महिला और उसकी 10 माह की बेटी की हत्या का मामला एक सप्ताह बाद भी अनसुलझा है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है, लेकिन अब तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को प्रहलाद बेहरा के खेत में बने बोर घर से 40 वर्षीय बरत कुमारी और उसकी 10 माह की बेटी परी का शव बरामद हुआ था। महिला के चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस की जांच में सामने आया कि बरत कुमारी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह अक्सर बोर घर में ही रहती थी। घटना के बाद पुलिस ने परिजनों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई, लेकिन उस समय हुई तेज बारिश के कारण खोजी कुत्तों को पर्याप्त सफलता नहीं मिल सकी। इससे जांच की प्रक्रिया प्रभावित हुई और मामले की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ पाई है।

पुलिस के अनुसार, घटना के दिन बरत कुमारी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थी, जबकि उसकी मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई थी। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।

लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। संदिग्धों से पूछताछ जारी है और तकनीकी साक्ष्यों के साथ अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की भी पड़ताल की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com