धमतरी में डायल-112 की तत्परता की परीक्षा, एएसपी के सरप्राइज टेस्ट में 5 मिनट में पहुंची पुलिस टीम

धमतरी जिले में आपातकालीन सेवा डायल-112 की कार्यक्षमता और रिस्पांस टाइम परखने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने सरप्राइज टेस्ट किया। उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के परिजन बनकर डायल-112 कंट्रोल रूम पर कॉल किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम महज पांच मिनट में मौके पर पहुंच गई और त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने जनपद तिराहा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना की काल्पनिक सूचना कंट्रोल रूम को दी। कॉल मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल बताए गए स्थान के लिए रवाना हुई और निर्धारित समय के भीतर मौके पर पहुंचकर अपनी सक्रियता दिखाई।

मौके पर पहुंचे एएसपी शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने डायल-112 के रिस्पांस टाइम, पुलिस टीम के समन्वय और तकनीकी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से आवश्यक तकनीकी जानकारी भी ली और उनकी त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान एएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी किसी भी आपात स्थिति में इसी संवेदनशीलता, सतर्कता और तत्परता के साथ आम नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए।

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना, अपराध या किसी भी आपात स्थिति में बिना देरी किए डायल-112 पर सूचना दें, ताकि पुलिस और अन्य आपात सेवाएं समय पर मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता प्रदान कर सकें।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com