बिलासपुर में सागौन तस्करी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, लकड़ी से भरी पिकअप और बाइक जब्त

बिलासपुर जिले में वन विभाग ने अवैध सागौन तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सागौन की लकड़ी से लदी एक महिंद्रा पिकअप और उसके साथ चल रही एक बाइक जब्त की है। कार्रवाई कोटा परियोजना मंडल के भैंसाझार परिक्षेत्र के कलमीटार बीट स्थित जोगीपुर-रतनपुर मार्ग पर रात्रिकालीन गश्त के दौरान की गई। पिकअप से सागौन के 11 लठ्ठे बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 50 से 60 हजार रुपये बताई गई है।
वन विभाग के अनुसार, जांच के दौरान वाहन में सागौन की लकड़ी परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, बिल या रसीद प्रस्तुत नहीं की जा सकी। इसके बाद लकड़ी, पिकअप वाहन और तस्करी में सहयोग के लिए उपयोग की जा रही बाइक को जब्त कर लिया गया।
मामले में नीलकुमार घृतलहरे, ललित साहू, लालसिंह और दुर्गेश पाली के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है। सभी जब्त सामग्री को वन विभाग की अभिरक्षा में रखा गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।
वन विभाग का कहना है कि कोटा क्षेत्र के जंगलों में लंबे समय से सागौन समेत इमारती लकड़ियों की अवैध कटाई और तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। तस्कर पहले जंगलों में पेड़ों की कटाई कर लकड़ी छिपा देते हैं और बाद में मौका मिलने पर उसे वाहनों के जरिए अन्य स्थानों तक पहुंचाते हैं।
स्थानीय स्तर पर वन क्षेत्र में अवैध कटाई को लेकर वन कर्मियों की मिलीभगत के आरोप भी समय-समय पर सामने आते रहे हैं। विभाग का कहना है कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी तथा अवैध कटाई और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











