जीपीएम के पर्यटन स्थलों पर उमड़ी सैलानियों की भीड़, बारिश से झरने और नदियां बनीं आकर्षण का केंद्र

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद प्राकृतिक पर्यटन स्थल अपनी खूबसूरती के चरम पर पहुंच गए हैं। पहाड़ी क्षेत्रों के झरने, नदी-नाले और जलप्रपात पूरे वेग से बह रहे हैं, जिससे झोझा जलप्रपात, जोगी गुफा, लक्ष्मण घाट और छोटकी रिवार सहित कई पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।

जिले के सबसे ऊंचे झोझा जलप्रपात के तीनों स्तरों से तेज गति से गिरता पानी पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। वहीं जोगी गुफा की ऊंची चट्टानों से गिरता झरना, लक्ष्मण घाट और छोटकी रिवार क्षेत्र में बारिश के बाद बने नए झरनों का मनमोहक दृश्य लोगों को अपनी ओर खींच रहा है।

लगातार बारिश के कारण सोन, अरपा, तान, तिपान, बम्हनी, जोहिला, मलनिया और एलान नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। चारों ओर फैली हरियाली और कल-कल बहता पानी जिले के प्राकृतिक सौंदर्य में चार चांद लगा रहा है।

हालांकि पर्यटन स्थलों पर बढ़ती भीड़ के बीच प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। कई पर्यटक तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाकर सेल्फी और फोटो खिंचवाते नजर आ रहे हैं। प्रशासन ने नदी-नालों और जलप्रपातों के किनारे सावधानी बरतने तथा जोखिम भरे स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com