उदंती टाइगर रिजर्व में 20 एकड़ वनभूमि पर अवैध खेती का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

गरियाबंद जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में संरक्षित वनभूमि पर अवैध खेती और बड़ी संख्या में पेड़ों को नुकसान पहुंचाने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
यह मामला उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अभयारण्य परिक्षेत्र रिसगांव के सहायक फरसगांव अंतर्गत गाताबाहरा परिसर के आरक्षित वन कक्ष क्रमांक-158 का है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने साल, बीजा सहित 132 इमारती हरे पेड़ों की गर्डलिंग कर उन्हें सुखाने का प्रयास किया और वनभूमि पर हल चलाकर मक्का की खेती कर दी।
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन के अनुसार आरोपियों ने करीब 4.129 हेक्टेयर यानी 20 एकड़ से अधिक वनभूमि पर अवैध कब्जा कर खेती की। इस अतिक्रमण से वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को नुकसान पहुंचा है और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समारू (53), मयाराम (38), श्रवण (35), डोमार (55), राजेंद्र (51), राजू (47) और सरजू (44) के रूप में हुई है। सभी आरोपी धमतरी जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। न्यायालय ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। विभाग का कहना है कि संरक्षित वन क्षेत्रों में अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











