रायपुर जिले में शुरू हुए दो नए सरकारी कॉलेज, स्नातक और संगीत पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू

रायपुर जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से दो नए सरकारी कॉलेजों की शुरुआत की है। इनमें अभनपुर के बेन्द्री स्थित शासकीय महाविद्यालय और नवा रायपुर अटल नगर में शासकीय संगीत महाविद्यालय शामिल हैं। दोनों संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

बेन्द्री स्थित नए शासकीय महाविद्यालय में इस सत्र से बीए, बीएससी (बायोलॉजी), बीएससी (मैथ्स) और बीकॉम प्रथम वर्ष की पढ़ाई शुरू होगी। बीए और बीकॉम में 90-90 सीटें निर्धारित की गई हैं, जबकि बीएससी बायोलॉजी और बीएससी मैथ्स में 45-45 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।

कॉलेज में प्रवेश पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से होगा। विभाग ने इच्छुक छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।

वहीं, नवा रायपुर अटल नगर में शुरू किए गए शासकीय संगीत महाविद्यालय में बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स (बीपीए) के चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश दिए जाएंगे। यहां शास्त्रीय गायन (हिंदुस्तानी), कथक नृत्य और लोक संगीत जैसे विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी। इस पाठ्यक्रम के लिए कुल 40 सीटें निर्धारित की गई हैं।

संगीत महाविद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन रखी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय, रायपुर से प्राप्त कर सकते हैं। उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों से समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com