राजा रघुवंशी मर्डर केस में नया मोड़: जमानत रद्द होते ही शिलांग कोर्ट पहुंची सोनम रघुवंशी, किया सरेंडर

इंदौर/शिलांग। चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन करते हुए गुरुवार को शिलांग की ट्रायल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में उसकी जमानत रद्द करते हुए तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया था। तय समय सीमा समाप्त होने से पहले ही सोनम कोर्ट पहुंची और न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

सुप्रीम कोर्ट की न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरेश और पी.बी. वराले की पीठ ने मेघालय सरकार की अपील स्वीकार करते हुए कहा था कि मामले की सुनवाई महत्वपूर्ण चरण में है और इस समय आरोपी को जमानत पर रखना न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि गिरफ्तारी मेमो में टाइपिंग संबंधी त्रुटियों को जमानत का आधार नहीं बनाया जा सकता।

पहले मिली थी जमानत, बाद में सुप्रीम कोर्ट ने किया हस्तक्षेप

सोनम रघुवंशी को पहले जमानत मिल गई थी, लेकिन मेघालय सरकार ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। सुनवाई के बाद शीर्ष अदालत ने जमानत निरस्त कर दी और आत्मसमर्पण के निर्देश जारी किए। अब सरेंडर के बाद उसे आगे की न्यायिक प्रक्रिया के तहत ट्रायल का सामना करना होगा।

हनीमून के दौरान पति की हत्या की साजिश का आरोप

सोनम रघुवंशी पर आरोप है कि उसने मई 2025 में मेघालय में हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची थी। जांच एजेंसियों के अनुसार, उसने कथित तौर पर अपने प्रेमी राज कुशवाह और उसके साथियों की मदद से वारदात को अंजाम दिलाया। इस मामले ने देशभर में काफी सुर्खियां बटोरी थीं और जांच के दौरान कई अहम खुलासे हुए थे।

अब सोनम के सरेंडर के बाद मामले की सुनवाई ट्रायल कोर्ट में आगे बढ़ेगी और अभियोजन पक्ष साक्ष्यों के आधार पर अपना पक्ष रखेगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com