रायपुर के ज्वेलरी शोरूम से 17.50 लाख के सोने के कंगन गायब, पूर्व कर्मचारी पर केस दर्ज

रायपुर के जयस्तंभ चौक स्थित एक ज्वेलरी शोरूम से करीब 17.50 लाख रुपए मूल्य के 22 कैरेट सोने के कंगन गायब होने का मामला सामने आया है। शोरूम प्रबंधन की शिकायत पर गोलबाजार थाना पुलिस ने पूर्व कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि कर्मचारी ने असली कंगनों की जगह नकली कंगन रखकर स्टॉक में गड़बड़ी छिपाने का प्रयास किया।
स्टॉक जांच में सामने आई गड़बड़ी
पुलिस के अनुसार स्टोर मैनेजर की शिकायत पर 9 जुलाई 2026 को कंगन काउंटर के स्टॉक का मिलान किया गया। जांच के दौरान तीन सेट यानी पांच नग 22 कैरेट सोने के कंगनों की जगह नकली कंगन मिले। गायब हुए कंगनों का कुल वजन 103.832 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 17.50 लाख रुपए है। आंतरिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और स्टॉक रिकॉर्ड की पड़ताल में तत्कालीन सेल्स स्टाफ की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
बिना हैंडओवर छोड़ी नौकरी, ऑडिट में गड़बड़ी का आरोप
जांच में सामने आया कि आरोपी कर्मचारी ने जुलाई 2026 में इस्तीफा देने के बाद बिना विधिवत हैंडओवर किए नौकरी छोड़ दी थी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मई में हुई फिजिकल इन्वेंट्री और जून में हुए इंटरनल ऑडिट के दौरान उसने कंगनों के टैग बदलकर स्टॉक रिकॉर्ड सही दिखाने की कोशिश की। साथ ही एक सेट को सीसीटीवी की निगरानी से दूर ले जाकर हटाने का भी आरोप है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











