सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, जलाभिषेक के लिए लगी लंबी कतारें

सावन के पहले सोमवार पर छत्तीसगढ़ के प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। राजधानी रायपुर से लेकर बिलासपुर, गरियाबंद, राजिम, रायगढ़, मनेन्द्रगढ़ और दंतेवाड़ा तक शिवालयों में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठे।
हटकेश्वरनाथ और भूतेश्वरनाथ मंदिर में विशेष पूजा
रायपुर के महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ मंदिर में रात दो बजे से विशेष पूजा शुरू हुई। इस अवसर पर शिवलिंग का गणेश स्वरूप में आकर्षक श्रृंगार किया गया और सुबह श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए। वहीं गरियाबंद के भूतेश्वरनाथ महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। कांवड़ियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया, जहां भोजन, फल और पेयजल की व्यवस्था की गई।
प्रदेशभर के शिवालयों में दिनभर चला पूजा-अर्चना का क्रम
बिलासपुर, रायगढ़, मनेन्द्रगढ़, राजिम और दंतेवाड़ा सहित प्रदेश के कई जिलों के शिव मंदिरों में सुबह से भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई मंदिरों में रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप, भस्म-चंदन श्रृंगार और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष अनुष्ठान आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि, आरोग्य और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर समितियों ने दर्शन व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराईं।











