बारिश का असर: बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग का पुल टूटा, दो दिन भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लगातार बारिश के कारण बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर बांसाझाल स्थित पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया। पुल से गुजर रही एक यात्री बस बीच में फंस गई, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं। पुल टूटने से बिलासपुर का पेंड्रा, गौरेला, अमरकंटक, मनेंद्रगढ़ तथा मध्यप्रदेश के जबलपुर और शहडोल से सीधा सड़क संपर्क बाधित हो गया है।
अगले दो दिन बारिश का दौर जारी
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले 48 घंटे तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कुछ इलाकों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज गर्जना की भी संभावना है। राजधानी रायपुर में सोमवार को बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। वहीं प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में और न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।
प्रदेश में बारिश सामान्य, कई जिलों में कमी
1 जून से 2 अगस्त तक छत्तीसगढ़ में औसतन 566.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से लगभग 5 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग ने इसे सामान्य श्रेणी में रखा है। हालांकि जिलावार स्थिति अलग-अलग है। नारायणपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा और महासमुंद सहित कई जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है, जबकि सरगुजा, जशपुर, बेमेतरा, कांकेर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सूरजपुर में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का मानना है कि अगस्त में अच्छी वर्षा होने पर खरीफ फसलों, विशेषकर धान की खेती को लाभ मिलेगा।











