व्यापार विहार की अंग्रेजी शराब दुकान में भीषण आग, तीन घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में रविवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

शराब का स्टॉक और सामान जलकर राख

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग रात करीब दो बजे लगी। देखते ही देखते दुकान में रखा शराब का स्टॉक, फर्नीचर और अन्य सामान आग की चपेट में आ गया। आग इतनी तेजी से फैली कि अधिकांश सामग्री जलकर राख हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और फॉरेंसिक व तकनीकी जांच भी कराई जाएगी।

पुलिस के अनुसार, अभी तक शराब दुकान प्रबंधन की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। आग से हुए नुकसान का आकलन संबंधित विभाग और आबकारी विभाग द्वारा किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान की सही जानकारी सामने आएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com