हावड़ा-मुंबई दुरंतो में 2 करोड़ का सोना जब्त, 7 बिस्किट और सोने की छड़ के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट के बीच सोना तस्करी का नया मामला सामने आया है। रायपुर और नागपुर RPF क्राइम ब्रांच की टीम ने DRI नागपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से 1.242 किलो सोना जब्त किया है। बरामद सोने की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

ट्रेन के B-12 कोच में तलाशी के दौरान टीम को 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ मिली। मामले में महाराष्ट्र के रहने वाले सुरेश कुमार और धैर्यशील को गिरफ्तार किया गया है। दोनों कथित तौर पर सोने की खेप हावड़ा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे।

सूचना के बाद शुरू हुई तलाशी

RPF क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को ट्रेन नंबर 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो लोगों के सोना लेकर सफर करने की सूचना मिली थी। इसके बाद रायपुर और नागपुर RPF क्राइम ब्रांच की टीम को DRI नागपुर के अधिकारियों के साथ जांच के लिए लगाया गया।

संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया। भंडारा-नागपुर के बीच B-12 कोच में दोनों संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी में 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद हुई। कुल वजन 1.242 किलो पाया गया। जांच में सोने को विदेशी सोना बताया गया है।

कस्टम एक्ट के तहत मामला दर्ज

DRI नागपुर ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कस्टम एक्ट, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सोना कहां से आया था और इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

दुबई से पश्चिम बंगाल तक पहुंचने का दावा

DRI के मुताबिक, तस्करी के सोने की छोटी-छोटी खेप अलग-अलग माध्यमों से भेजी जाती हैं। जांच के अनुसार, सोना दुबई से बांग्लादेश और नेपाल के रास्ते पश्चिम बंगाल पहुंचने के बाद ट्रेनों के जरिए मुंबई, सूरत और अहमदाबाद जैसे शहरों तक भेजा जाता है। छोटे-छोटे कंसाइनमेंट के जरिए तस्करी किए जाने की बात सामने आई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com