भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ का दबदबा, रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की कमान; दीपक म्हस्के बने सोशल मीडिया संयोजक

भाजपा ने राष्ट्रीय संगठन में बदलाव करते हुए नई टीम की घोषणा की है। नई टीम में छत्तीसगढ़ से सांसद रूप कुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि महिलाओं तक संगठन की गतिविधियों को पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना तैयार कर ग्राउंड लेवल तक संगठन को मजबूत करने पर जोर रहेगा।
रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की कमान
रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने को छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। नई जिम्मेदारी के साथ उनके सामने देशभर में महिला संगठन को मजबूत करने और महिलाओं को पार्टी की गतिविधियों से जोड़ने की जिम्मेदारी होगी।
पार्टी संगठन में उनकी नई भूमिका को महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। चौधरी ने भी जमीनी स्तर पर महिलाओं के बीच काम करने और संगठन की योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने की बात कही है।
दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया की जिम्मेदारी
दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है। वे लंबे समय से पार्टी की सोशल मीडिया और डिजिटल गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। नई जिम्मेदारी के साथ उनके पास पार्टी की डिजिटल रणनीति को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
म्हस्के ने कहा कि भविष्य में सोशल मीडिया को लेकर जो भी रणनीति और भूमिका तय की जाएगी, उनकी टीम उसे पूरी तरह प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए काम करेगी।
नई राष्ट्रीय टीम में अलग-अलग राज्यों के वरिष्ठ नेताओं को भी संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में वसुंधरा राजे, तीरथ सिंह रावत, राम माधव और बैजयंत जय पांडा समेत कई नेताओं को शामिल किया गया है। वहीं राष्ट्रीय महामंत्री के तौर पर विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को जिम्मेदारी दी गई है।











