QR कोड से होगी ऑटो ड्राइवर की पहचान, बिलासपुर में ई-रिक्शा पर भी लगेगा कोड

बिलासपुर में ऑटो और ई-रिक्शा से सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने नई व्यवस्था शुरू करने की तैयारी की है। शहर के पेट्रोल, डीजल और ई-रिक्शा पर QR कोड लगाए जाएंगे। यात्री इसे स्कैन कर चालक, वाहन मालिक और वाहन से जुड़ी जरूरी जानकारी मोबाइल पर देख सकेंगे।
यह पहल एसएसपी रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे की योजना के तहत की जा रही है। इसका मकसद ऑटो से जुड़ी शिकायतों, विवादों और आपात स्थिति में चालक व वाहन की पहचान आसानी से करना है।
किराया विवाद और शिकायत में मिलेगी मदद
कई बार किराए को लेकर विवाद, अभद्र व्यवहार या सामान छूट जाने की स्थिति में यात्रियों को ऑटो की पहचान करने में परेशानी होती है। QR कोड के जरिए वाहन का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध होने से शिकायत दर्ज कराने और संबंधित चालक तक पहुंचने में आसानी होगी।
सभी ऑटो-ई रिक्शा का रजिस्ट्रेशन जरूरी
यातायात पुलिस ने ऑटो और ई-रिक्शा चालकों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है। बिना रजिस्ट्रेशन और QR कोड के चलने वाले वाहनों पर निगरानी रखी जाएगी और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस के मुताबिक, इस व्यवस्था से शहर में संचालित ऑटो-ई रिक्शा का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा। इससे यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।











