राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने पीएम मोदी को जन्मदिन विश किया, लिखा-‘हैप्पी बर्थडे…’,

पीएम नरेंद्र मोदी आज 76 साल के हो गए हैं। सुबह से ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। खास बात यह है कि शुभकामनाएं सिर्फ सत्ता पक्ष तक सीमित नहीं है ब्लकि विपक्षी नेता भी उन्हें बर्थडे विश कर रहे हैं। पीएम मोदी को जन्मदिन विश करने वालों की लिस्ट में उनके धुर विरोधी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी शामिल हैं। राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने पीएम मोदी को जन्मदिन विश किया है। साथ ही उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन समेत वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, प्रह्लाद जोशी, किरन रिजिजू, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, तमिलनाडु सीएम विजय, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, अमित शाह और दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता, महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी शुभकामनाएं दीं है।

कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- PM नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की बधाई। आपके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूँ।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने पीएम मोदी को बर्थडे विश करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। भगवान उन्हें अच्छी सेहत और लंबी उम्र दे।

जबकि समाजवादी पार्टी यानी सपा चीफ अखिलेश यादव ने पीएम मोदी को जन्मदिन विश करते हुए एक्स पर लखा- प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की बधाई और स्वस्थ एवं सक्रिय सार्थक जीवन के लिए शुभकामनाएँ!

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (C. Joseph Vijay) ने भी पीएम मोदी को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा- भारत को मजबूत बनाने की दिशा में समर्पण के साथ नेतृत्व करने वाले प्रधानमंत्री को वह दिल से बधाई देते हैं और उनके अच्छे स्वास्थ्य तथा लंबी उम्र की कामना करते हैं

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने लिखा- माननीय PM @narendramodi जी, आपको जन्मदिन की बधाई। इस मुश्किल समय में, आप हमारे देश को विकासशील भारत की ओर ले जा रहे हैं। हर कदम पर, आपने देश को सबसे पहले रखा है। सरकारी खजाने से खर्च किए गए हर ₹ से, आपने यह पक्का किया है कि जनता की भलाई हो। मैं प्रार्थना करता हूँ कि आप माँ भारती की सेवा करते हुए लंबी और स्वस्थ ज़िंदगी जिएं।

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी को बधाई देते हुए लिखा- आदरणीय प्रधानमंत्री @narendramodi जी को जन्मदिन की हृदयपूर्वक शुभकामनाएँ। दिल्ली को आपका स्नेह और मार्गदर्शन निरंतर मिलता रहा है। आपके नेतृत्व में आज राजधानी नई गति, नए सामर्थ्य और नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही है। शहर का स्वरूप बदल रहा है और उसके साथ लोगों के जीवन में भी नई सुविधाएँ, नए अवसर और नई आशाएँ जुड़ रही हैं। हमारी बहनें हों, युवा साथी हों, श्रमिक परिवार हों, वरिष्ठ नागरिक हों या भविष्य के सपने संजोए हमारे बच्चे, विकसित दिल्ली की यात्रा का केंद्र जन-जन का जीवन है। आज दिल्ली को इस बात का गौरव है कि वह अपने बढ़ते सामर्थ्य के साथ विकसित भारत के विराट संकल्प में अपनी शक्ति जोड़ रही है। आदरणीय प्रधानमंत्री जी, माँ भारती की सेवा के प्रति आपका समर्पण और राष्ट्र को निरंतर आगे ले जाने का आपका संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणा है। बाबा काशी विश्वनाथ का आशीर्वाद सदैव आप पर बना रहे। समस्त दिल्लीवासियों की ओर से जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं।

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी (Pralhad Joshi) ने पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन की प्रतिबद्धता और जनसेवा का जिक्र करते हुए कहा- माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं, जिनका जीवन जन सेवा और देश सेवा के प्रति पक्के इरादे को दिखाता है, लाखों लोगों को प्रेरित करता है और भारत को #ViksitBharat की ओर ले जाता है। उनके जन्मदिन पर, आइए हम अपने प्यार और शुभकामनाओं के प्रतीक के तौर पर शाम 6 बजे से 7 बजे तक ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाएं और एक विकसित भारत बनाने के अपने सामूहिक संकल्प को फिर से पक्का करें।

अमित शाह (Amit Shah) ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा- अथक परिश्रम, त्याग और दूरदर्शिता के प्रतीक प्रधानमंत्री @narendramodi जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। कर्म को साधना और राष्ट्रसेवा को जीवन का ध्येय बनाकर चलने वाले मोदी जी का जीवन तप, त्याग और अटूट संकल्प की गाथा है। सेवा और समर्पण से भरी उनकी यात्रा करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दीर्घायु और स्वस्थ रहें और उनके नेतृत्व में देश प्रगति की नई ऊंचाइयाँ प्राप्त कर 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य को सिद्ध करने की दिशा में आगे बढ़ता रहे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने सोशल मीडिया पर लिखा- प्रधानमंत्री @narendramodi जी को जन्मदिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएँ। मोदी जी के नेतृत्व में भारत ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। आधारभूत संरचना से लेकर डिजिटल कनेक्टिविटी तक, गरीब कल्याण से लेकर नवाचार और उद्यमिता तक, हमने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक और उल्लेखनीय प्रगति की है। आज नागरिकों का जीवन अधिक सुगम हुआ है, अवसरों का विस्तार हुआ है और प्रत्येक नागरिक के लिए गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया जा रहा है। मोदी जी ने सुशासन और जनसेवा को देश की विकास यात्रा के केंद्र में रखते हुए प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाया है। उनके नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक चेतना और विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान और प्रतिष्ठा मिली है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की महादेव से कामना करता हूँ।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा- 145 करोड़ भारतीयों के जीवन में सुख, समृद्धि, सुरक्षा एवं स्वाभिमान का नवप्रभात लाने हेतु अविराम राष्ट्रयज्ञ में समर्पित, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के स्वप्नद्रष्टा, ‘नए भारत के शिल्पी’ और हमारे मार्गदर्शक आदरणीय प्रधानमंत्री @narendramodi जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। ‘Nation First’ के पावन संकल्प, कर्मनिष्ठा एवं लोक-कल्याण के प्रति आपका समर्पित जीवन ‘विकसित भारत’ के ध्येय को साकार करने का प्रेरणास्रोत है। आपके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के नवीन कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ व यशस्वी जीवन प्रदान करें।

इस तरह पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ओर से बड़ी संख्या में नेताओं और जानी मानी हस्तियों ने शुभकामना संदेश भेजे। जिनमें उनके स्वास्थ्य, लंबी उम्र और विकसित भारत के संकल्प का बार बार जिक्र हुआ।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close